December 28, 2025


वार्ड क्रमांक 18 के पटवारी पारा में वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का अंत, हर घर पहुंचा नल से पानी

नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेंद्र सिंह का वादा हुआ पूरा, ग्रामीणों में खुशी की लहर

किरंदुल। 27 दिसंबर 2025 दिन शनिवार को  वार्ड क्रमांक 18 के पटवारी पारा में वर्षों से चली आ रही गंभीर पेयजल समस्या का आखिरकार समाधान हो गया। अब तक ग्रामीणों को नहाने और पीने के पानी के लिए लगभग आधा किलोमीटर दूर जाना पड़ता था, जिससे महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।

ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रूबी शैलेंद्र सिंह ने हर घर तक पानी पहुंचाने का जो वादा किया था, उसे पूरा करते हुए बोर में मोटर स्थापित कर प्रत्येक घर में नल कनेक्शन दिया गया। इस योजना के शुभारंभ के साथ ही पटवारी पारा में जल संकट का पूरी तरह समाधान हो गया।

पानी सप्लाई के शुभारंभ अवसर पर गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने इसे अपने जीवन की बड़ी सुविधा बताते हुए नगर पालिका प्रशासन का आभार व्यक्त किया। वार्ड पार्षद अनिल मरकाम ने नगर पालिका अध्यक्ष को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह कार्य क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

कार्यक्रम में नगर पालिका इंजीनियर तीरथ राम सिन्हा, पार्षद के. साजी, राजकुमार सोनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि वर्षों की समस्या का समाधान कर नगर पालिका ने उन्हें बड़ी राहत दी है।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives