जगदलपुर। लोहण्डीगुड़ा ब्लॉक के ग्राम पंचायत लोहण्डीगुड़ा स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित धान खरीद केंद्र का विधायक विनायक गोयल द्वारा मंगलवार को निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धान उपार्जन की संपूर्ण प्रक्रिया, किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का विस्तार से अवलोकन किया।
निरीक्षण के समय समिति प्रबंधन द्वारा जानकारी दी गई कि आज केंद्र में ऑफ़लाइन टोकन के आधार पर कुल 865 क्विंटल धान की खरीदी संपन्न हुई है, जिसमें 11 किसानों का धान तौला गया। पूरी प्रक्रिया सुचारू और पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई तथा किसानों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसका विशेष ध्यान रखा गया।
विधायक विनायक गोयल ने धान बेचने पहुंचे किसानों से व्यक्तिगत रूप से चर्चा कर उनकी समस्याओं, सुझावों और केंद्र की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। किसानों ने बताया कि इस वर्ष धान खरीदी की प्रक्रिया समय पर प्रारंभ होने से उन्हें बड़ी सुविधा मिली है। वहीं तौल केंद्र की सुविधाएँ, टोकन व्यवस्था और भुगतान प्रक्रिया के बारे में भी सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की गई।
विधायक गोयल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को प्रतीक्षा न करनी पड़े, इसके लिए टोकन प्रणाली को और अधिक व्यवस्थित किया जाए तथा केंद्र में पर्याप्त जनशक्ति और उपकरण उपलब्ध रहें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों की मेहनत और उनका सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए धान खरीदी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि यदि किसानों को किसी प्रकार की समस्या आती है तो वे सीधे संपर्क कर सकते हैं तथा प्रशासनिक स्तर पर तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।