जगदलपुर। रजत जयंती वर्ष एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत आज सुबह नगर निगम विभाग द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में एक साथ व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया।
इस स्वच्छता अभियान के अंतर्गत बैलाकोठा के सामने बालाजी वार्ड, स्वीपर कॉलोनी वीर सावरकर वार्ड, विवेकानंद आश्रम रोड अटल बिहारी वाजपेयी वार्ड, मंगल भवन रोड नयामुंडा अम्बेडकर वार्ड, विद्यापति स्कूल के समीप राजेंद्र नगर वार्ड एवं सीताराम शर्मा गली शांति नगर वार्ड में सफाई कार्य किया गया।
महापौर संजय पांडे, नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य, निगम आयुक्त, पार्षदगण, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर, अधिकारी, कर्मचारी, शहर के गणमान्य नागरिक, एवं स्थानीय लोगों की सहभागिता से इन सभी स्थानों पर सफाई, कचरा संग्रहण एवं नालियों की साफ-सफाई की गई।
महापौर संजय पांडे ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं बल्कि नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। नगर निगम लगातार शहर के प्रत्येक वार्ड में स्वच्छता संबंधी गतिविधियों को आगे बढ़ा रहा है। सभी नागरिकों की सहभागिता से ही हम जगदलपुर को स्वच्छ और सुंदर बना सकते हैं।
नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा अभियान को निरंतरता प्रदान करते हुए निगम वार्डवार सफाई कार्य कर रहा है। हमारा प्रयास है कि सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था सुदृढ़ हो तथा नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिले।
इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लोगों ने न केवल सफाई कार्य में हाथ बँटाया बल्कि स्वच्छ शहर, स्वस्थ शहर का संदेश भी जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया। नागरिकों का उत्साह यह दर्शाता है कि स्वच्छता अभियान अब जनआंदोलन का रूप ले रहा है।
नगर निगम ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घर, गली और वार्ड की स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएँ और मिलकर जगदलपुर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ शहर बनाने में सहयोग दें।
स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत आज सिटी ग्राउंड के सामने स्थित पीएचई कार्यालय परिसर में भी साफ-सफाई कार्य किया गया। इस दौरान परिसर में झाड़ू लगाकर कचरा उठाया गया तथा आस-पास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाया गया। नगर निगम का यह प्रयास शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।