बचेली। सोमवार दिनांक 4 अगस्त को संकुल केंद्र बचेली 01एवं बचेली 02 के अंतर्गत संचालित प्राथमिक शाला बड़ेपारा बचेली, प्राथमिक शाला पटेलपारा बचेली एवं पोटाकेबिन बचेली प्रा.शा. पीएम श्री सरस्वती एवं आदर्श मा.शा.का निरीक्षण हरीश सिन्हा खंड शिक्षा अधिकारी दंतेवाड़ा एवं आर संजय, श्रीमती जारिना खातून संकुल समन्वयक, संकुल केंद्र बचेली 01,बचेली 02 द्वारा संयुक्त रूप से किया गया निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षकों की उपस्थिति, विद्यार्थियों की सहभागिता, मध्याह्न भोजन योजना, टीएलएम (शैक्षणिक सामग्री) के उपयोग, स्वच्छता व्यवस्था तथा विद्यालय परिसरों की भौतिक स्थिति का सूक्ष्मता से अवलोकन किया
शिक्षण कार्य में सक्रियता और छात्रों की कक्षा में भागीदारी को सराहा गया। शिक्षकों को निर्देश दिए गए कि वे बच्चों की बुनियादी दक्षताओं पर विशेष ध्यान दें और मूल्यांकन कार्य नियमित रूप से संपन्न करें। विद्यालयों में स्वच्छता एवं अनुशासन व्यवस्था को बनाए रखने हेतु भी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
श्री आर. संजय द्वारा संकुल स्तर की शैक्षणिक योजनाओं की समीक्षा की गई एवं आवश्यक सुधारात्मक सुझाव दिए गए उन्होंने शिक्षकों को प्रेरित करते हुए नवाचारों के माध्यम से बच्चों को रुचिकर शिक्षा देने का आग्रह किया।
निरीक्षण के अंत में खंड शिक्षा अधिकारी हरीश सिन्हा ने अभिभावकों व एसएमसी सदस्यों से संवाद कर विद्यालय विकास में सामुदायिक भागीदारी को आवश्यक बताया और आश्वस्त किया कि विभाग द्वारा हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।