अरुण शर्मा/संवाददाता
बचेली। शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे एनएमडीसी के पुराने मार्केट ट्रांसपोर्ट एरिया के ऊपर स्थित टेलिंग डैम की मुख्य दीवार पानी के दबाव के कारण धीरे-धीरे सरकते हुए ढह गई। इस घटना से ट्रक यूनियन और वार्ड 09 क्षेत्र में हड़कंप मच गया। डैम का मलबा लगभग 20 मीटर तक सड़क पर फैल गया, जिससे एक ट्रक मिट्टी में धंस गया। बाद में पोकलेन की मदद से ट्रक को बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना मिलते ही एनएमडीसी प्रबंधन सक्रिय हुआ और तकनीकी टीम ने पानी के बहाव को नियंत्रित करने का प्रयास किया। एनएमडीसी अधिकारियों के अनुसार, डैम की ऊपरी सतह की मरम्मत के लिए टेंडर और वर्क ऑर्डर पहले ही जारी हो चुके थे, और बारिश रुकते ही काम शुरू होना था। हालांकि, ढीली मिट्टी के कारण दीवार ढह गई, लेकिन कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
स्थानीय नेताओं ने चेतावनी दी है कि यह टेलिंग डैम, जो करीब 50 साल पहले बनाया गया था, में 06 लाख टन से अधिक स्लाइम जमा हो चुका है, जिसे एनएमडीसी ने अब तक खाली नहीं कराया। नगरपालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संतोष दुबे ने घटनास्थल का दौरा कर कहा कि बढ़ते दबाव के कारण डैम की दीवारें कमजोर हो रही हैं। यदि भारी बारिश होती है, तो बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने एनएमडीसी से तत्काल स्लाइम हटाने और डैम की मरम्मत की मांग की।
गौरतलब है कि पिछले साल किरंदुल के बंगाली कैंप में भी एनएमडीसी के टेलिंग डैम टूटने से बाढ़ आई थी, जिससे सैकड़ों लोग प्रभावित हुए थे। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो बचेली में भी ऐसी त्रासदी हो सकती है।