May 14, 2022


बांदा में केशव यादव के परिवार के हाथों पिट गयी योगी की पुलिस, प्रधान के घर में छिपकर बचानी पड़ी जान

कानपुर के बिल्हौर थाना क्षेत्र के अवस्थीनगर में भी दबंगों ने पुलिसकर्मियों को पीटा

लखनऊ। इसे संयोग कहे या फिर दबंगों की बढ़ती मनमानी, देवेन्द्र सिंह चौहान के डीजीपी पद की कमान संभालते ही बांदा और कानपुर में योगी सरकार की पुलिस की पिटाई कर दी गयी। बांदा के बबेरू क्षेत्र में तो दबंगों ने पुलिस टीम को दौड़ा-दौडाकर पीटा। हंसिया से भी  वार किया।

पुलिसकर्मियों को जान बचाने के लिए ग्राम प्रधान के घर में छिपना पड़ा। इस घटना में चार पुलिसकर्मियां का चोट आयी है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

घटना की पुष्टि बांदा के पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने किया है। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि पूर्व में दर्ज मुकदमे में पुलिसकर्मी अभियुक्तों को नोटिस देने गए थे। पुलिस को देखते ही अभियुक्तों ने पुलिस पर हमला किया।

सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और एफआईआर दर्ज की है। 14 लोगों को नामजद किया गया है। इनमें से  4 लोगों को गिरफ्तार किया है। 

यह है पूरा मामला 

बबेरू के ग्राम सिमौनी चौकी के सिपाही सुखबीर सिंह और बृजेश कुमार शुक्रवार 13 मई 2022 की सुबह करीब दस बजे बाइक से पंडरी गांव के केशव यादव को मारपीट के पुराने मामले की नोटिस तामील कराने गए थे। वहां ट्यूबवेल में केशव यादव व उसके परिवार के लोग ईंट की पथाई कर रहे थे। 

इस दबंग परिवार ने नोटिस लेने की जगह उसे फाड़ कर फेंक दिया। सिपाहियों के सरकारी कागज का विरोध करने पर केशव उसके पुत्रों व भतीजों, नाती समेत महिलाओं ने गाली-गलौज कर विवाद किया। बात बढऩे पर दबंग परिवार ने सिपाहियों के ऊपर लाठी-डंडों व हंसिया से हमलाकर करने के साथ पथराव करना शुरू कर दिया। 

हमले से पुलिसकर्मी सुखबीर लहूलुहान होकर गिर गया। इस बीच मौका पाकर सिपाही बृजेश भूंसे के ढेर के पीछे छिप गया। वहां से उसने गांव में मौजूद दो अन्य पुलिसकर्मी प्रवेश यादव और सलमान खान को बुला लिया। दबंगों ने उन्हें भी दौड़ा-दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया। 

पुलिसकर्मी बचने के लिए काफी देर तक इधर-उधर भागते रहे। बाद में ग्राम प्रधान हिमांचल यादव के घर में घुसकर उन्होंने अपनी जान बचाई। वहां से उन्होंने बबेरू कोतवाली व चौकी समेत अन्य अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। जिसमें सीओ बबेरू सत्यप्रकाश शर्मा, बबेरू कोतवाली निरीक्षक अरूण कुमार पाठक के अलावा तिंदवारी, बिसंडा, कमासिन व मरका थाने का फोर्स गांव में पहुंची। 

पुलिस अधीक्षक अभिनंदन भी मौके पर पहुंचे और घायल सिपाहियों को अस्पताल में दाखिल कराया। 

कानपुर में बीच सड़क से गाड़ी हटवाने पर पुलिस को पीटा

उधर कानपुर के बिल्हौर थाना क्षेत्र के अवस्थीनगर में दबंगों ने पुलिसकर्मियों को पीटा। मिली जानकारी के अनुसार दबंगों ने बीच सड़क गाड़ी खड़ी कर रखी थी। वहां ड्यूटी पर रहे दरोगा ने गाड़ी हटाने को कहा तो दबंगों ने उनकी पिटाई कर दी। अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे तो दबंगों ने उन्हें भी पीटा और उनकी वर्दी भी फाड़ दी।


Related Post

Advertisement

Trending News