October 19, 2026


दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित, ट्राइसाइकिल एवं व्हीलचेयर पाकर खिले चेहरे

भगवान महावीर दिव्यांग सहायता समिति जयपुर एवं जिला प्रशासन के संयुक्त सहयोग से कांकेर में आयोजित हुआ शिविर

रायपुर :  भगवान महावीर दिव्यांग सहायता समिति, जयपुर एवं जिला प्रशासन उत्तर बस्तर कांकेर के संयुक्त सहयोग से आज जिला मुख्यालय कांकेर के मिनी स्टेडियम परिसर में दिव्यांगजन निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। ट्राइसाइकिल एवं व्हीलचेयर सहित सहायक उपकरण प्रदान कर दिव्यांगजनों को आवागमन में सुविधा और आत्मनिर्भरता की दिशा में सहयोग दिया गया। कार्यक्रम में कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि नगर पालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

शिविर में कुल 61 दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें 34 दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल तथा 27 दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर प्रदान की गई। कार्यक्रम में दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाना और उन्हें अधिक आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग देना रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक श्री आशाराम नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। दिव्यांगजनों को नियमानुसार पेंशन के साथ-साथ उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कांकेर में आयोजित इस शिविर के माध्यम से दिव्यांगजनों को निःशुल्क ट्राइसाइकिल एवं व्हीलचेयर प्रदान की जा रही है। उन्होंने भगवान महावीर दिव्यांग सहायता समिति, जयपुर की इस पहल की सराहना करते हुए समिति के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही उपस्थित दिव्यांगजनों को नवरात्र, दशहरा एवं दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक ने भी शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराना उनके जीवन को सहज बनाने और उनकी दैनिक गतिविधियों में सहायता प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने भगवान महावीर दिव्यांग सहायता समिति, जयपुर को इस जनहितकारी आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने बताया कि समिति द्वारा गत दिवस जगदलपुर में निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण शिविर आयोजित किया गया था, जिसमें कांकेर जिले के 277 दिव्यांगजन लाभान्वित हुए थे। जो दिव्यांगजन उस शिविर में शामिल नहीं हो पाए थे, उन्हें कांकेर में आयोजित इस शिविर के माध्यम से लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद दिव्यांगजनों तक योजनाओं एवं सहायता का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।

शिविर में भगवान महावीर दिव्यांग सहायता समिति की ओर से श्री नारायण व्यास, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले, श्री महेश जैन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी, श्री राजेश शर्मा, श्री दिलीप जायसवाल, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक श्रीमती क्षमा शर्मा  एवं अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित रहे।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives