रायपुर : राज्यपाल श्री रमेन डेका और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज यहां राजधानी रायपुर के श्री अग्रसेन धाम में आयोजित श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव 2026 में शामिल हुए। इस अवसर पर राज्यपाल श्री रमेन डेका ने प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्रि एवं श्री अग्रसेन जयंती की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महाराजा श्री अग्रसेन जी ने समाज को दानशीलता और परोपकार का अमूल्य संदेश दिया। अग्रवाल समाज व्यवसाय के साथ समाज में भी अपना सार्थक योगदान दे रहे हैं और भारतीय अर्थव्यवस्था में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान है।
यह समाज परिश्रम से
स्थापित उद्योग-धंधों में लोगों को रोजगार देते हैं। विभिन्न क्षेत्रों में
अग्रवाल समाज के लोग अग्रणी भूमिका में रहते हैं। महाराजा अग्रसेन जी ने समाज के
अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य करने की प्रेरणा दी। उनके द्वारा दिए गए एक
ईंट एक रुपया का सिद्धांत आपसी सहयोग और आत्मनिर्भरता की अनोखी मिसाल है।
राज्यपाल श्री डेका
ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी ने हमें सिखाया कि ज्ञान सभी से लेना चाहिए और दान
भी देना चाहिए। नई पीढ़ी को त्वरित सफलता प्राप्त करने की जगह पारंपरिक मूल्यों का
पालन करना चाहिए। अग्रवाल समाज में पारिवारिक व्यवसाय को आगे बढ़ाने की सुंदर
परम्परा है। असम सिनेमा को आगे बढ़ाने में श्री ज्योति प्रसाद अग्रवाल ने योगदान
दिया है। उन्होंने कहा कि सभी की भागीदारी से ही सुंदर समाज का निर्माण हो सकता
है। छत्तीसगढ़ में उद्योग एवं व्यवसाय की असीम संभावना है। अग्रवाल समाज अपने
व्यापार में इन अवसरों का उपयोग करेंगे तो कई लोगों को रोजगार मिलेगा।
मुख्यमंत्री श्री
विष्णुदेव साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अग्रवाल समाज की
महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि यह समाज हमेशा परोपकार के क्षेत्र में
अग्रणी रहता है। चाहे स्वास्थ्य शिविर हो या गौसेवा,
धर्मशाला, सामूहिक विवाह या निःशुल्क शिक्षा
प्रदान करना, अग्रवाल समाज हर रूप में आगे बढ़कर परोपकार करता
है। आज भी गौमाता के लिए एम्बुलेंस का लोकार्पण किया गया है, यह अग्रवाल समाज की सेवा भावना को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री श्री
साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 2047
तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया है। हम भी विकसित
छत्तीसगढ़ बनाने के लिए विजन डाक्यूमेंट के आधार पर मिशन मोड पर कार्य कर रहे हैं।
हमारा लक्ष्य राज्य की जीएसडीपी को 5 लाख करोड़ से 75 लाख करोड़ रूपए तक पहुंचाना है। छत्तीसगढ़ में खनिज, वनोपज,
बिजली, पानी सहित सभी संसाधन प्रचुर मात्रा
में उपलब्ध हैं। अग्रवाल समाज अपने व्यवसायिक परिश्रम से छत्तीसगढ़ को आगे बढ़ाने
में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री
श्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि अग्रवाल समाज लोगों को रोजगार देने के साथ ही
समाजसेवा में भी अपना बहुमूल्य योगदान देता है। महाराजा अग्रसेन जी ने समानता और
आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। अग्रसेन जयंती महोत्सव के अवसर पर घायल गौमाता के इलाज के लिए गौरक्षा
वाहिनी एम्बुलेंस का लोकार्पण किया गया। अग्रसेवा गौशाला रायपुर द्वारा संचालित इस
एम्बुलेंस की सुविधा मोबाइल नंबर +91-8109002139 पर कॉल कर
ली जा सकेगी।
कार्यक्रम में
अग्रवाल समाज की डायरेक्ट्री तथा अग्रपुष्प बुलेटिन त्रैमासिक पत्रिका के प्रथम
अंक का विमोचन किया गया तथा अग्रवाल समाज के प्रतिभावान बच्चों को अग्र प्रतिभा
सम्मान और युवाओं को अग्र गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एडीआर
ग्रुप के चेयरमैन श्री सुशील अग्रवाल, अग्रवाल समाज रायपुर के अध्यक्ष श्री विजय अग्रवाल, श्री
मनमोहन अग्रवाल, श्री प्रेमचंद अग्रवाल सहित अग्रवाल समाज के
पदाधिकारी, गणमान्य जन व सामाजिक सदस्य उपस्थित थे।