रायपुर/आरंग. रायपुर ग्रामीण पुलिस की थाना आरंग टीम ने ग्राम बिरबिरा में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी को 48 घंटे के भीतर सुलझाने में बड़ी सफलता हासिल की है. अपनी मां की मृत्यु का कारण जादू-टोना मानकर रंजिश पालने वाले पड़ोसी युवक ने ही बुजुर्ग दंपति की कुल्हाड़ी और हंसिया से हत्या कर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आला-ए-कत्ल और लूटे गए सोने-चांदी के शत-प्रतिशत जेवरात बरामद कर लिए हैं.
ग्राम बिरबिरा के सरपंच चम्मन लाल
साहू ने थाना आरंग पहुंचकर पुलिस को सूचना दी कि गांव के बुजुर्ग सदाशी साहू और
उनकी पत्नी आसबती साहू की उनके ही घर में घुसकर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा धारदार
हथियार से नृशंस हत्या कर दी गई है. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश
साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम, फॉरेंसिक
एक्सपर्ट्स और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंची. घर के अलग-अलग कमरों में दंपति
के शव खून से लथपथ हालत में मिले. पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता (BNS)
की धारा 103(1) और 331(7) के तहत अपराध क्रमांक 481/2026 दर्ज कर तफ्तीश शुरू की.
अंधविश्वास और लूट का लालच में हत्या
विवेचना के दौरान पुलिस ने गांव के
ही 22 वर्षीय संदेही प्रमोद उर्फ रॉकी साहू
को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की. पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए
चौंकाने वाला खुलासा किया. उसने पुलिस को बताया कि एक
साल पहले मां की मृत्यु हो गई थी. उसे संदेह था कि मृतक
दंपति ने जादू-टोना (टोनही) करके उसकी मां को मारा है.
आरोपी ने यह भी बताया कि उसे पता था कि दंपति के पास काफी जमीन है और मृतिका आसबती हमेशा सोने-चांदी के
कीमती जेवर पहनती हैं. मामले में अंधविश्वास की पुष्टि
होने पर दर्ज अपराध में BNS की धारा 109(6) और छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम
की धारा 4 और 5 भी जोड़ी गई है.
दंपति को सुलाया मौत की नींद
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि 6
अक्टूबर 2026 की रात लगभग 11:30 बजे घर में सबके सोने के बाद आरोपी टंगिया (कुल्हाड़ी) और हंसिया लेकर
निकला. वह पड़ोसियों की छतों के रास्ते होते हुए सदाशी साहू के मकान की छत से नीचे
उतरा. उसने पहले कमरे में सो रहे सदाशी साहू के सिर पर
टंगिया से हमला कर उनकी हत्या कर दी. दूसरे कमरे में सो रही आसबती साहू के सिर और गले पर टंगिया से हमला किया, फिर सीने और पेट पर हंसिया से हमला कर मौत के घाट उतारा.
हत्या के बाद उसने मृतिका के शरीर से
चांदी का कमरबंध, ऐंठी, माला, सोने की खिनवा, अंगूठी,
बिछिया और सिक्के लूट लिए. साक्ष्य छिपाने की नीयत से उसने खून से
सने हथियारों को नाली में धोया और एक सफेद बोरी में भरकर तामासिवनी रोड किनारे
झाड़ियों में छिपा दिया था.
निशानदेही पर लूट के सामान और हथियार
बरामद
पुलिस ने आरोपी प्रमोद की निशानदेही
पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, हंसिया,
खून से सनी जींस-पैंट और लूट हुए सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए
हैं. आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.