रायपुर : सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत सुशासन की पहल से दूरस्थ गांवों तक पहुंच रही बुनियादी सुविधाएं ग्रामीण जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। खैरागढ़ जिले के छुईखदान विकासखंड के ग्राम गवालगुंडी में विद्युतीकरण के बाद अब गांव के घर-आंगन रोशनी से जगमगा रहे हैं। कभी सूरज ढलते ही अंधेरे में डूब जाने वाले इस गांव में बिजली पहुंचने से ग्रामीणों की दिनचर्या आसान हुई है और बच्चों की पढ़ाई के लिए भी बेहतर वातावरण मिला है।
गांव में बिजली पहुंचने के बाद परिवार अब पंखे और
टीवी जैसी सुविधाओं का उपयोग कर पा रहे हैं। मोबाइल चार्ज करने से लेकर रात में
घरेलू कामकाज और बच्चों की पढ़ाई तक, बिजली ने
ग्रामीणों के जीवन में कई छोटे-बड़े बदलाव लाए हैं। बिजली के खंभे और तार गांव के
लिए केवल रोशनी का माध्यम नहीं, बल्कि सुविधाओं और बेहतर
अवसरों से जुड़ने का नया रास्ता बने हैं।
ग्राम गवालगुंडी की मितानिन श्रीमती सुकवारो बाई
धुर्वे ने गांव में बिजली आने की खुशी अपने सहज अंदाज में साझा करते हुए कहा, “गांव म बिजली आए के बाद घर अउ गांव पूरा चकाचक होगे हे। अब हमन भी आराम से
पंखा अउ टीवी चला रहे हन। लइका मन रात में बढ़िया पढ़त हे, अउ
मोबाइल चार्ज भी होवत हे।”
सुकवारो बाई के शब्दों में गांव के बदलते जीवन की
तस्वीर साफ दिखाई देती है। उनके लिए बिजली केवल घर को रोशन करने वाली सुविधा नहीं, बल्कि परिवार की रोजमर्रा की जरूरतों को आसान बनाने और बच्चों के भविष्य
को बेहतर अवसर देने वाली व्यवस्था है। गवालगुंडी में आया यह बदलाव सेवा संकल्प
अभियान की उस भावना को सामने लाता है, जिसमें विकास की
सुविधाओं का लाभ दूरस्थ गांवों तक पहुंचाकर आमजन के जीवन में वास्तविक परिवर्तन
लाने पर जोर दिया जा रहा है।