October 07, 2026


सेवा ही संकल्प अभियान नवागढ़ में 09 अक्टूबर को स्वैच्छिक रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

सीएमएचसी नवागढ़ में सुबह 10 बजे से लगेगा शिविर, कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देश पर तैयारी पूर्ण

रायपुर : प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन में सेवा संकल्प के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पूरे जिले में चल रहे ’’सेवा ही संकल्प’’ अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा मानव सेवा का एक अनुकरणीय आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नवागढ़ में दिनांक 09 अक्टूबर 2026, दिन गुरुवार को प्रातः 10ः00 बजे से स्वैच्छिक रक्तदान एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा।

कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला बेमेतरा डॉ. शरद कोहाड़े एवं खण्ड चिकित्सा अधिकारी नवागढ़ डॉ. एम. एम. रज़ा के मार्गदर्शन में आयोजित हो रहा है।

शिविर का उद्देश्य - जरूरतमंदों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना

शिविर का मुख्य उद्देश्य जिले के जरूरतमंद मरीजों, गर्भवती माताओं, सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों, गंभीर एनीमिया एवं थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए समय पर रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। अक्सर आपातकालीन स्थिति में रक्त के अभाव में मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस शिविर के माध्यम से रक्तकोष में पर्याप्त रक्त संग्रह कर उन जरूरतमंदों की जीवन रक्षा की जा सकेगी। इसके साथ ही शिविर में आमजनों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिसमें बीपी, शुगर, सामान्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा।

रक्तदान से कमजोरी नहीं आती, यह है महादान - डॉ. रज़ा

इस संबंध में खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम. एम. रज़ा ने बताया कि “रक्तदान से शरीर में किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती है। यह एक स्वस्थ व्यक्ति के लिए बेहद पुनीत और मानवता की सेवा का कार्य है। हमारे द्वारा दिया गया एक यूनिट रक्त तीन लोगों की जान बचा सकता है। 18 से 65 वर्ष का कोई भी स्वस्थ व्यक्ति, जिसका वजन 45 किलो से अधिक हो, वह रक्तदान कर सकता है।”

उन्होंने बताया कि रक्तदान के 24 घंटों के भीतर ही शरीर में नए रक्त का निर्माण शुरू हो जाता है। नियमित रक्तदान से हृदय रोगों का खतरा भी कम होता है। शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग ने की अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील

स्वास्थ्य विभाग नवागढ़ ने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, समाजसेवी संगठनों,युवा संगठनों, एनएसएस, एनसीसी, स्काउट गाइड, शासकीय/अशासकीय कर्मचारियों, मीडिया साथियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नवागढ़ पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान करें और इस सेवा यज्ञ में अपनी भागीदारी निभाएं।

सेवा ही संकल्प अभियान का मूल मंत्र है - सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं।
स्थान - सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, नवागढ़ में 09 अक्टूबर 2026, गुरुवार को  प्रातः 10ः00 बजे से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया है।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives