October 05, 2026


करमा त्योहार पर खूनी वारदात : दोस्तों ने ही दोस्त को कुल्हाड़ी से काटा, 2 आरोपी गिरफ्तार

अंबिकापुर : अंबिकापुर से लगे ग्राम पंचायत खैरबार में करमा त्योहार के दौरान दोस्तों के बीच हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया. विवाद के बाद दो युवकों ने अपने ही दोस्त विश्वदीप उर्फ राजा की मारपीट के बाद धारदार कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.

क्या है पूरा मामला?

पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.मृतक विश्वदीप उर्फ राजा मूल रूप से कोरिया जिले के पटना का रहने वाला था. करीब तीन साल पहले वह रोजगार की तलाश में अंबिकापुर आया था. वह खैरबार में रहकर मोटर मैकेनिक का काम सीख रहा था और गैरेज में काम करता था. इसी दौरान उसकी दोस्ती गांव के रहने वाले आकाश और आकाश कुमार से हुई.

करमा त्योहार मनाने के दौरान हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, 3 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे विश्वदीप अपने दोस्तों आकाश, आकाश कुमार और शनि कुमार के साथ करमा त्योहार मनाने गांव में गया था. इसी दौरान दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. विवाद बढ़ने पर आकाश ने विश्वदीप को थप्पड़ मार दिया. इसके बाद सभी अपने-अपने घर चले गए. विश्वदीप भी अपने गैरेज वाले कमरे में लौट आया. उस समय उसका दोस्त शनि कुमार भी उसके साथ था.दोनों खाना खा रहे थे, तभी आकाश और आकाश कुमार वहां पहुंच गए.

विश्वदीप से की मारपीट

आरोप है कि दोनों युवकों ने सबसे पहले शनि कुमार के साथ मारपीट की और उसे वहां से भगा दिया. इसके बाद दोनों ने कमरे के अंदर विश्वदीप के साथ मारपीट शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि विश्वदीप ने बचने के लिए बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन शटर बंद था. लगातार मारपीट के कारण वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया. इसके बाद आरोपियों ने धारदार कुल्हाड़ी से उसके गले पर हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने से विश्वदीप की मौके पर ही मौत हो गई.

पुलिस और FSL ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस के साथ FSL की टीम ने भी घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए. प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में आरोपियों के नशे में होने की बात सामने आई है. हालांकि हत्या की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी जांच अभी जारी है.

हत्या की वजह को लेकर पुलिस कर रही जांच

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि करमा त्योहार के दौरान विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ था. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या आरोपियों और मृतक के बीच पहले से कोई विवाद या रंजिश थी या फिर नशे की हालत में हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया.


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives