रायपुर : बलरामपुर के ग्राम पंचायत पस्ता निवासी 63 वर्षीय श्री राजेन्द्र प्रसाद के लिए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना जीवन बचाने वाला सहारा बनकर सामने आई। श्री राजेन्द्र प्रसाद एक सामान्य कृषक परिवार से हैं और खेती की छोटी जोत ही उनकी आजीविका का एकमात्र आधार है। फरवरी 2026 में उन्हें अचानक कमर दर्द की तीव्र शिकायत हुई। अम्बिकापुर के चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार कराया गया, परंतु पीड़ा कम नहीं हुई और तकलीफ लगातार बढ़ती चली गई।
स्थिति गंभीर होने पर परिजन उन्हें
रायपुर के बालको हॉस्पिटल ले गए, जहाँ
विस्तृत जाँच में मल्टीपल मायलोमा नामक कैंसर की पुष्टि हुई। इस दुर्लभ बीमारी के
उपचार का अनुमानित व्यय सुनकर परिवार के सामने अंधेरा छा गया, क्योंकि लघु कृषि से होने वाली आय से इतनी बड़ी राशि जुटाना संभव नहीं था।
ऐसी विकट घड़ी में उन्हें मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना की जानकारी
मिली, जिसके अंतर्गत चिन्हित दुर्लभ बीमारियों के उपचार हेतु
पात्र परिवारों को 25 लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराई
जाती है। योजना से जुड़ते ही परिवार की आर्थिक चिंता दूर हो गई और वे पूरे मनोयोग
से उपचार पर ध्यान दे सके।
बालको हॉस्पिटल रायपुर में भर्ती
होने के बाद चिकित्सकों के दल ने परामर्श उपरांत पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के
साथ उपचार आरंभ किया और उपचार सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस पूरे उपचार पर 15
लाख रुपये का व्यय हुआ, जिसकी सम्पूर्ण राशि
योजना के अंतर्गत वहन की गई और परिवार को अपनी जेब से एक भी रुपया खर्च नहीं करना
पड़ा। स्वास्थ्य लाभ लेकर राजेन्द्र प्रसाद अपने गाँव पस्ता में परिजनों के बीच
लौट आए और आज नई ऊर्जा के साथ सामान्य जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
आभार व्यक्त करते हुए राजेन्द्र
प्रसाद ने कहा कि योजना ने उन्हें असहनीय पीड़ा से राहत दिलाई और उनके परिवार को
कर्ज के बोझ में डूबने से बचा लिया। उन्होंने कहा कि गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर
परिवारों की पीड़ा समझकर संचालित यह योजना जरूरतमंदों के लिए वरदान है,
जिसके लिए वे शासन-प्रशासन के प्रति हृदय से आभारी हैं।
सेवा संकल्प अभियान की मूल भावना इसी
सेवा और समर्पण में निहित है, जहाँ
शासन की संवेदनशील पहल आम नागरिक के जीवन में सीधा परिवर्तन लाती है। राजेन्द्र
प्रसाद की यह सफलता की कहानी बताती है कि गंभीर और दुर्लभ बीमारियों में भी अब
आर्थिक अभाव उपचार के आड़े नहीं आता। जिला प्रशासन द्वारा जिले के आर्थिक रूप से
कमजोर एवं पात्र परिवारों से इन जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेकर लाभ उठाने
की अपील की है।