September 20, 2026


मां और पत्नी को मारने वाले पिता को बेटे ने उतारा मौत के घाट, पुलिस के सामने बना मासूम, ऐसे सुलझी गुत्थी

सूरजपुर : जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है. दरअसल जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम बेलटिकरी में सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है. यहां 23 साल के बेटे बसंत सिंह ने अपने 50 वर्षीय पिता रामकुमार सिंह गोंड़ की टांगी से वार कर हत्या कर दी. बहन ने बताया कि तीजा पर्व के कारण होने से उसने खाना नहीं बनाया था, इसी बात पर पिता गाली-गलौज कर उसे मारने की धमकी दे रहे थे.

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार रामकुमार सिंह गोंड़ ने करीब डेढ़ दशक पहले अपनी पत्नी और अपनी मां की हत्या कर दी थी. इस मामले में सजा काटने के बाद वह पिछले 3-4 साल से अपने बेटे बसंत और बेटी के साथ गांव में रह रहा था. गुरुवार रात करीब 9 बजे बसंत मजदूरी कर सूरजपुर से घर लौटा. घर पर बहन नहीं दिखी तो उसने पिता से पूछा. पिता ने बताया कि वह पड़ोस में है.

पिता पर ताबड़तोड़ वार कर दिया

पड़ोस में पहुंचने पर बहन ने बताया कि तीजा पर्व के कारण होने से उसने खाना नहीं बनाया था, इसी बात पर पिता गाली-गलौज कर उसे मारने की धमकी दे रहे थे. इसलिए वह डरकर पड़ोस में चली गई. बहन की बात सुनकर बसंत घर लौटा और पिता से इसी बात को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में बसंत ने टांगी उठाकर पिता पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

हत्या के बाद आरोपी बेटे ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और पिता की मौत से अनजान होने का नाटक किया. लेकिन पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया. कोतवाली पुलिस ने आरोपी बसंत सिंह (23) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है.


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives