August 17, 2026


प्रधानमंत्री जनमन योजना से वनांचल क्षेत्र में आवागमन हुआ सुगम, बारहमासी पक्की सड़क से जुड़ी मंगतूपूरा से गुड़ली बैगापारा

रायपुर : प्रधानमंत्री जनमन योजना वनांचल एवं विशेष जनजातीय समूहों के क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। कबीरधाम जिले के वनांचल क्षेत्र में भी इस योजना के माध्यम से सड़क निर्माण कर ग्रामीणों के आवागमन को सुगम बनाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगतूपूरा से गुड़ली बैगापारा तक 3 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का निर्माण 1 करोड़ 92 लाख 90 हजार रुपए की लागत से किया गया है। पक्की सड़क बनने से ग्रामीणों के लिए आवागमन पहले की अपेक्षा अधिक सुगम और सुरक्षित हुआ है। विशेषकर बारिश के मौसम में आने-जाने में होने वाली परेशानियों से ग्रामीणों को राहत मिली है।

बोड़ला अंचल के तरेगांव क्षेत्र के ग्रामीणों ने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से वनांचल क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिलने से अब दूरस्थ क्षेत्रों में भी बुनियादी सुविधाएं पहुंच रही हैं। प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से बन रही यह सड़क वनांचल क्षेत्र में विकास और सुगम आवागमन की नई राह खोल रही है। पक्की सड़क से जुड़ाव बढ़ने के साथ ग्रामीणों के जीवन में सुविधा और विश्वास दोनों बढ़े हैं। वनांचल क्षेत्र में सड़क जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध होने पर क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

गुड़ली बैगापारा से तरेंगांव जाने बना सुविधाजनक शॉर्टकट मार्ग

क्षेत्र के ग्रामीणों ने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से गुड़ली बैगापारा से तरेंगांव जाने के लिए बेहतर पक्का शॉर्टकट मार्ग तैयार हो गया है। पहले बारिश के दिनों में कच्चे रास्तों के कारण आवागमन में काफी परेशानी होती थी। सड़क खराब होने के कारण दूरी तय करने में अधिक समय लगता था और ग्रामीणों को कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब पक्की सड़क बन जाने से आवागमन आसान हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण से केवल आवागमन की सुविधा ही बेहतर नहीं हुई है, बल्कि इसका लाभ क्षेत्र के दैनिक जीवन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आने-जाने वाले लोगों को भी मिल रहा है।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives