August 11, 2026


देशभर के टूर ऑपरेटर्स ने देखा छत्तीसगढ़ का पर्यटन वैभव- फेम ट्रिप से राष्ट्रीय पर्यटन बाजार में बनेगी नई पहचान

30 प्रमुख टूर ऑपरेटर्स ने करीब से महसूस किया राज्य का प्राकृतिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक सौंदर्य

रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख पर्यटन गंतव्यों में शुमार करने की कोशिशों को लगातार पंख लग रहे हैं। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल द्वारा 10 से 14 अगस्त तक एक विशेष फेम ट्रिप (Familiarization Trip) का आयोजन किया जा रहा है। इस अनुभवात्मक यात्रा में देश के विभिन्न राज्यों से आए 30 प्रमुख टूर ऑपरेटर्स एवं पर्यटन विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं।

इस फेम ट्रिप का मुख्य उद्देश्य पर्यटन प्रतिनिधियों को राज्य के प्राकृतिक सौंदर्य, पुरातात्विक विरासत, स्थानीय लोक-संस्कृति और विश्वस्तरीय आतिथ्य का प्रत्यक्ष अनुभव कराना है, ताकि वे देशभर के पर्यटकों के लिए छत्तीसगढ़ के विशेष और आकर्षक टूर पैकेज तैयार कर सकें।

बारनवापारा और सिरपुर की विरासत से रूबरू हुए प्रतिनिधि

यात्रा की शुरुआत बारनवापारा स्थित हरेली इको रिजॉर्ट से हुई, जहां प्रतिनिधियों का पारंपरिक छत्तीसगढ़ी अंदाज में स्वागत किया गया। यहां प्रतिनिधियों ने बांस की बोटिंग का आनंद लिया और स्थानीय सांस्कृतिक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों को देखा। इसके बाद, टूर ऑपरेटर्स ने ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक नगरी सिरपुर का भ्रमण किया। वहां उन्होंने प्रसिद्ध लक्ष्मण मंदिर, तीवरदेव विहार और सुरंग टीला जैसी ऐतिहासिक धरोहरों की स्थापत्य कला और गौरवगाथा को समझा।

स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन उद्योग को मिलेगी गति

पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल से छत्तीसगढ़ के पर्यटन को न केवल प्रचार मिलेगा, बल्कि यह सीधे राष्ट्रीय पर्यटन बाजार से जुड़ेगा। जब टूर ऑपरेटर्स खुद राज्य की सुविधाओं, खान-पान, रिसॉर्ट्स और संस्कृति का प्रत्यक्ष अनुभव करेंगे, तो वे अपने ग्राहकों को छत्तीसगढ़ आने के लिए बेहतर ढंग से प्रेरित कर सकेंगे। इससे राज्य में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, जिससे स्थानीय होटल व्यवसाय, हस्तशिल्प, परिवहन और रोजगार के अवसरों को सीधा आर्थिक लाभ पहुंचेगा।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives