August 11, 2026


चिरमिरी के सड़कों पर मवेशियों का डेरा, अंधेरे में हादसों को दावत दे रहा निगम प्रशासन

आये दिन हो रहे दुर्घटनाओं से बिफरे पूर्व महापौर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाईन में की शिकायत

चिरमिरी। नगर निगम चिरमिरी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मुख्य मार्गों और व्यस्त चौराहों पर मवेशियों का खुलेआम जमावड़ा इन दिनों शहर के आम नागरिकों के लिए गंभीर समस्या बन गया है। सड़कों के बीचों-बीच बैठे मवेशियों के झुंड के कारण आए दिन लोग दुर्घटनाओं का शिकार होकर चोटिल हो रहे हैं, इसके बावजूद नगर निगम प्रशासन इस ओर से पूरी तरह आंखें मूँदकर बैठा हुआ है। रात के समय अधिकांश बंद पड़े स्ट्रीट लाईटों और अंधेरा होने के कारण सड़क पर बैठे मवेशी कई बार वाहन चालकों को दिखाई नहीं देते, जिससे अचानक टकराकर बाइक सवार और अन्य लोग गिरकर गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं। स्थानीय रहवासियों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।

इन प्रमुख मार्गों और चौराहों पर बना रहता है मवेशियों का कब्जा:

शहर में बार - बार लोगों के चोटिल एवं घायल होने से बिफरे पूर्व महापौर के. डोमरू रेड्डी ने तल्ख तेवर अपनाते हुए अपने शहर के ऐसे स्थलों को चिन्हित कर प्रशासन से कहा है कि शहर के लगभग सभी प्रमुख हिस्सों में यह समस्या विकराल रूप ले चुकी है, जिनमें मुख्य रूप से निम्नलिखित स्थान शामिल हैं:- 

साजा पहाड़ रोड :- मालवीय नगर में केराडोल नगर निगम पानी टंकी के सामने।

सोनामनी क्षेत्र :- काली मंदिर तिराहा, महाराणा प्रताप क्षत्रिय भवन के सामने साव होटल के पास, और दादू लाहिड़ी चौक।

डोमनहिल :- बाजार तिराहा और जय स्तंभ के पास।

अन्य प्रमुख चौक-चौराहें :- कोरिया कलरी में अम्बेडकर चौक के सामने, पोड़ी बाजार, दीनदयाल चौक, नगर निगम कार्यालय के सामने मेन रोड, ग्राम पंचायत के सामने मेन रोड, जगन्नाथ मंदिर के सामने और पीएचई (PHE) के सामने।

बाजार क्षेत्र :- बड़ा बाजार सीताकुंड चौक एवं शिशु मंदिर के सामने, छोटा बाजार एसएलआरएम (SLRM) सेंटर के पास।

बरतुगाँ और हल्दीबाड़ी: बरतुगाँ में भगत सिंह चौक एवं साईं मंदिर के पास तथा हल्दीबाड़ी में भैंसा दफाई, सरगुजा समिति, सेठी क्लॉथ स्टोर, स्वर संगम और स्टेशन के पास।

पूर्व महापौर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज कराई शिकायत :- शहर की इस गंभीर और जानलेवा समस्या को संज्ञान में लेते हुए पूर्व महापौर के. डोमरू रेड्डी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है और छत्तीसगढ़ शासन की मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (1076) पर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने मांग की है कि लापरवाह नगर निगम प्रशासन तुरंत प्रभाव से मवेशियों को सड़कों से हटाकर कांजी हाउस या सुरक्षित गोष्ठियों में शिफ्ट करे, ताकि शहरवासियों को दुर्घटनाओं से बचाया जा सके।


Archives

Advertisement

Trending News

Archives