August 07, 2026


शहीद के सम्मान से शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान : कीर्ति चक्र विजेता अमर शहीद सोढ़ी नारायण के घर से हुआ राष्ट्रभक्ति अभियान का शुभारंभ

रायपुर : भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की याद और देशभक्ति की भावना को जगाने के लिए शुरू किया गया एक राष्ट्रव्यापी जन-उत्सव है। इसके तहत नागरिकों को अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जाता है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बीजापुर जिले में हर घर तिरंगाअभियान की शुरुआत कीर्ति चक्र से सम्मानित अमर शहीद सोढ़ी नारायण के निवास से की गई। कलेक्टर श्री विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक ने शहीद के परिजनों को ससम्मान तिरंगा भेंट कर अभियान का शुभारंभ किया।

राष्ट्रसेवा और सर्वाेच्च बलिदान को नमन करते हुए सम्मान करना है

अधिकारियों ने शहीद सोढ़ी नारायण के अद्वितीय साहस, राष्ट्रसेवा और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उनके परिवार के प्रति सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने शहीद की पत्नी और उनकी दोनों बेटियों से आत्मीय मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस अवसर पर शहीद के परिजनों ने कहा कि बीजापुर में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अब शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण बना है। उन्होंने बताया कि उनका पैतृक गांव उसूर विकासखंड के दूरस्थ क्षेत्र में है, जहां पहले सुरक्षा कारणों से जाना कठिन था। अब वे दो बार अपने गांव जा चुके हैं, जो उनके लिए बेहद भावुक और सुखद अनुभव रहा।

शहीद के परिजनों को शाल और श्रीफल भेंट कर  किया गया सम्मानित

शहीद की बड़ी बेटी ने बताया कि वह बी.एससी. की पढ़ाई कर रही हैं और आगे एम.एससी. करना चाहती हैं। वहीं छोटी बेटी एलएलबी की पढ़ाई कर न्याय के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहती हैं। कलेक्टर ने परिजनों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन उनके साथ हमेशा खड़ा रहेगा और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने शहीद के परिजनों को शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा शहीद सोढ़ी नारायण के बलिदान को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने जिलेवासियों से अपील की कि वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर हर घर तिरंगाअभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाएं।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives