July 21, 2026


मां और उसकी 10 महीने की मासूम बेटी की निर्मम हत्या, डबल मर्डर से इलाके में फैली सनसनी

रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक बार फिर डबल मर्डर की वारदात हुई है। मां और उसकी 10 महीने की मासूम बेटी की हत्या कर दी गई। दोनों पर किसी भारी वस्तु से सिर और चेहरे पर वार किए जाने की आशंका है।

बोर घर में खून से लथपथ दोनों के शव मिले हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची, अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र के छापरपानी गांव का है।

पुलिस के अनुसार, बरत कुमारी (40) के पति की करीब 4-5 साल पहले मौत हो चुकी थी। इसके बाद उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी। वह इधर-उधर भटक कर अपना जीवन यापन कर रही थी। 10 महीने पहले उसने एक बच्ची को जन्म दिया। हालांकि, इसकी जानकारी नहीं है कि बच्ची का पिता कौन है। इसके बाद वह अपनी बच्ची को लेकर प्रहलाद बेहरा के खेत में बने बोर घर में रहने लगी।

ग्रामीण ने देखी खून से लथपथ हालत

बुधवार को बरत कुमारी को सुकवास गांव से चावल लेकर लौटते हुए देखा गया था। गुरुवार सुबह ग्रामीण ननकूराम ने बोर घर में बरत कुमारी को गंभीर रूप से घायल अवस्था में देखा और इसकी सूचना उसके परिजनों को दी।

मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि महिला के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया था। उसके शरीर से काफी खून बह चुका था। वहीं, पास में उसकी 10 महीने की बेटी परी भी मृत अवस्था में पड़ी थी, जिसके सिर पर भी गंभीर चोट के निशान मिले।

अस्पताल ले जाते समय महिला ने तोड़ा दम

परिजन गंभीर रूप से घायल बरत कुमारी को इलाज के लिए अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद लैलूंगा पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives