रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन और संवेदनशील प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनकर सामने आई है। हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए समाज कल्याण विभाग ने दो दिव्यांग हितग्राहियों को बैटरी चालित ट्राइसायकल उपलब्ध कराई, जिससे उनके जीवन में नई सहजता और आत्मनिर्भरता आई है।
रायपुर जिला के विकासखंड आरंग के
ग्राम निवारी निवासी श्री नंद किशोर टंडन तथा ग्राम सेजा निवासी श्री खिलेन्द्र
कुमार साहू (वर्मा) दोनों 80 प्रतिशत
दिव्यांग हैं। आवागमन में होने वाली गंभीर कठिनाइयों के कारण उन्होंने मुख्यमंत्री
हेल्पलाइन 1076 में अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत
प्राप्त होने के बाद समाज कल्याण विभाग ने दोनों प्रकरणों का त्वरित परीक्षण कर
नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें बैटरी चालित ट्राइसायकल प्रदान की।
बैटरी चालित ट्राइसायकल मिलने से अब
दोनों हितग्राहियों के लिए दैनिक आवागमन, शासकीय
कार्यालयों तक पहुंच, आवश्यक कार्यों का निष्पादन तथा
सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी पहले की अपेक्षा कहीं अधिक आसान हो गई है। इससे
उनकी आत्मनिर्भरता बढ़ी है और जीवन की गुणवत्ता में भी सकारात्मक सुधार आया है।
दोनों हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री
श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076
के माध्यम से उनकी समस्या का त्वरित समाधान हुआ। इस सहायता से अब वे
बिना किसी पर निर्भर हुए अपने आवश्यक कार्य आसानी से कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076
के माध्यम से प्रदेशभर में पात्र हितग्राहियों की शिकायतों का
समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। यह व्यवस्था नागरिकों को त्वरित राहत
प्रदान करने के साथ-साथ शासन की जनहितैषी और जवाबदेह कार्यप्रणाली को भी सशक्त बना
रही है।