चिरमिरी। एमसीबी जिले के चिरमिरी में पहली बार संभाग स्तरीय रैपिड शतरंज प्रतियोगिता - 2026 का भव्य आयोजन हल्दीबाड़ी स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में किया गया। प्रतियोगिता में संभाग के विभिन्न जिलों से आए 94 प्रतिभागियों ने भाग लेकर अपनी कुशल शतरंजी रणनीतिक चाल, कौशल और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। चिरमिरी शतरंज संघ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य क्षेत्र में शतरंज खेल को बढ़ावा देना तथा नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। प्रतियोगिता में महिला, पुरूष और बच्चों के विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया, जिससे आयोजन स्थल पर पूरे दिन रोमांचक मुकाबलों का माहौल बना रहा। प्रतियोगिता में खेले गये 7 राऊण्ड के बाद प्रथम स्थान मोहम्मद हसनैन अली एवं द्वितीय स्थान श्रेयांश मिश्रा ने दर्ज की। वहीं तृतीय श्रीमती श्रेया शिल्पी, चतुर्थ राजेश कुमार मिश्रा एवं पांचवे स्थान पर अरूण सिंह रहे।
आयोजन समिति ने बताया कि चिरमिरी में पहली बार अतंराष्ट्रीय प्रचलित नियमों के परिपालन करते हुए, विशेषज्ञ आर्बिटरों के निर्णयाक मण्डली और छत्तीसगढ़ शतरंज संघ के मार्गदर्शन में इस स्तर की शतरंज प्रतियोगिता आयोजित की गई है जिसे खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों का भरपूर सहयोग एवं सराहना मिली। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से भविष्य में राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन का मार्ग भी प्रशस्त होगा। इस आयोजन में विभिन्न संस्थाओं एवं प्रायोजकों का भी सहयोग रहा। प्रतियोगिता के आयोजन में चिरमिरी शतरंज संघ के अध्यक्ष पूर्व महापौर के. डोमरू रेड्डी, सचिव बी. मनियन सहित संघ के पदाधिकारियों और शतरंज संघ के स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के आयोजन से युवाओं में बौद्धिक खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और क्षेत्र से राष्ट्रीय स्तर के शतरंज खिलाड़ी तैयार करने में मदद मिलेगी।
दिन भर चले इस प्रतियोगिता में माँ सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ी महतारी के छायाचित्रों पर माल्यार्पण के साथ शुभारम्भ में प्रो. भागवत प्रसाद दुबे के मुख्य आतिथ्य एवं रिजनल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ ए. के. बिराजी के अध्यक्षता में चिरमिरी थाना प्रभारी विजय सिंह, डाॅ सुमित, सेवानिवृत्त प्राचार्य एवं के. बी. पटेल ग्रुप ऑफ कालेज के प्रशासक डी.के. उपाध्याय, कार्यक्रम स्थल हल्दीबाड़ी हाई स्कूल के प्राचार्य चंदन दत्ता, इण्टक अध्यक्ष अब्दुल सलीम, नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष श्रीमती गायत्री बिरहा एवं चिरमिरी ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्ष शिवांश जैन के विशिष्ट आतिथ्य में हुआ। तथा समापन चिरमिरी महापौर राम नरेश राय के मुख्य आतिथ्य एवं चिरमिरी शतरंज संघ के अध्यक्ष के. डोमरू रेड्डी के अध्यक्षता में, छ.ग. शतरंज संघ के सह सचिव सरोज कुमार वैष्णव, डाॅ सुमित, डी.के. उपाध्याय, सुभाष कश्यप, अब्दुल सलीम, सुसीमा वेल्फेयर फाऊण्डेशन के अध्यक्ष सुजीत जायसवाल, सचिव वैभव तिवारी, आर्बिटेटर पी.के. मण्डल, नेता प्रतिपक्ष श्रीमती गायत्री बिरहा, मनेन्द्रगढ़ नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष राजकुमार केशरवानी, युवा नेता हाफिज मेमन, वरिष्ठ व्यापारी केवल सिंह, जगदीश सेठी, एल्डरमैन गणेश ठाकुर, पार्षद मनीष खटिक के विशिष्ट आतिथ्य में सम्पन हुआ।
इस अवसर पर देर शाम पुरस्कार वितरण समारोह में प्रतियोगिता को लेकर प्रतिवेदन संघ के अध्यक्ष के. डोमरू रेड्डी ने रखा। मुख्य अतिथि महापौर रामनरेश राय, डी. के. उपाध्याय, एवं प्रदेश चेस संघ के सह सचिव श्री सरोज कुमार वैष्णव ने खिलाड़ियों को सम्बोधित करते हुए चिरमिरी के इस सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त कर, अंचल के खिलाड़ियों को एक अच्छा मंच उपलब्ध कराने पर बधाई दिया।