June 23, 2026


मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से बदली ग्रामीणों की जिंदगी, सिधमा के ज्ञानेश्वर को मिली आवागमन की बड़ी सुविधा

ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, रोजगार और आजीविका तक पहुंच हुई आसान

रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना ग्रामीण अंचलों में आवागमन की तस्वीर बदल रही है। दूरस्थ गांवों तक सुरक्षित, नियमित और सुलभ परिवहन सुविधा पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू की गई यह योजना ग्रामीणों के जीवन को आसान बनाने के साथ-साथ शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच सुनिश्चित कर रही है।

सरगुजा जिले के ग्राम सिधमा निवासी श्री ज्ञानेश्वर, जो बर्तनों की साफ-सफाई और पॉलिश का कार्य कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं, इस योजना के प्रत्यक्ष लाभार्थियों में से एक हैं। उनके अनुसार पहले नियमित परिवहन सुविधा नहीं होने के कारण रोज काम पर जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। बस तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी और कई बार निजी साधनों या अन्य लोगों पर निर्भर रहना पड़ता था।

मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना शुरू होने के बाद उनकी दिनचर्या काफी सरल हो गई है। अब वे प्रतिदिन समय पर अपने कार्यस्थल तक पहुंच पा रहे हैं, जिससे उनके समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है। इस सुविधा का लाभ केवल श्रमिकों तक सीमित नहीं है, बल्कि स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों, महिलाओं और अन्य ग्रामीणों को भी मिल रहा है, जिन्हें विभिन्न कार्यों के लिए गांव से बाहर जाना पड़ता है।

श्री ज्ञानेश्वर बताते हैं कि पहले आवागमन ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती था, लेकिन अब बस सेवा शुरू होने से लोगों को काफी राहत मिली है। गांव के लोग आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच रहे हैं, जिससे उनके दैनिक कार्यों में सुविधा आई है। उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन नेटवर्क को मजबूत करते हुए अंतिम छोर तक बुनियादी सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित कर रही है। बेहतर परिवहन व्यवस्था के कारण अब ग्रामीणों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आजीविका के अवसरों तक पहुंच पहले से अधिक सहज हो गई है, जिससे ग्रामीण विकास को नई गति मिल रही है।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives