रायपुर : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को छत्तीसगढ़ में व्यापक स्तर पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ निर्धारित की गई है। आयुष मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रदेश के सभी जिलों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, विद्यार्थियों, महिलाओं एवं आम नागरिकों की सहभागिता से योग कार्यक्रम आयोजित होंगे।
इसी क्रम में कोरिया जिले के
बैकुण्ठपुर स्थित मानस भवन में प्रातः 7 बजे
जिला स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें
छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम
मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार
सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा तथा योग के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी भी दी
जाएगी।
कोरिया कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा
यादव ने कहा है कि योग स्वस्थ, संतुलित
और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य मजबूत होता है। उन्होंने नागरिकों से योग
को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों में
बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. एल्विना ग्रेस
टोप्पो ने बताया कि योग दिवस के सफल आयोजन के लिए सभी शासकीय कार्यालयों,
शिक्षण संस्थाओं, नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों, सार्वजनिक उपक्रमों तथा
स्वायत्तशासी संस्थाओं को सक्रिय रूप से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि आयुष
मंत्रालय द्वारा शुरू किए गए योग संगम पोर्टल-2026 पर पंजीयन
कराना तथा कार्यक्रम के उपरांत उसकी जानकारी एवं फोटोग्राफ अपलोड करना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में आयोजित
योग कार्यक्रमों में छत्तीसगढ़ योग आयोग द्वारा चिन्हित योग प्रशिक्षकों एवं
विशेषज्ञों की सेवाएं ली जाएंगी। कोरिया जिले के मुख्य कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक
डॉ. रमाकांत कुर्रे एवं श्री अनिल शर्मा प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराएंगे।
राज्य सरकार और आयुष विभाग ने सभी
संस्थाओं एवं नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में योग दिवस कार्यक्रमों में सहभागिता
सुनिश्चित करने तथा योग को जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने का आह्वान किया है।