रायपुर : नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव श्रीमती शंगीता आर. ने बिलासपुर पहुंचकर बिलासपुर नगर निगम के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने नगर निगम द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने मैदानी स्तर पर योजनाओं का क्रियान्वयन भी देखा।
नगरीय प्रशासन एवं
विकास विभाग की सचिव श्रीमती शंगीता आर. ने तारबाहर स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर
में बिलासपुर नगर निगम के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि राजस्व किसी भी
निकाय की आधारशिला है। इसे प्राथमिकता में रखें और शत शत-प्रतिशत वसूली करें।
उन्होंने पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26
की बकाया राशि 15 करोड़ रुपए की वसूली के लिए
उन्होंने दिसम्बर 2026 तक डेडलाइन दिया। उन्होंने कहा कि
नियमित और प्लेसमेंट समेत सभी कर्मचारियों का वेतन किसी भी सूरत में माह के प्रथम
सप्ताह में हो जाना चाहिए।
विभागीय सचिव श्रीमती शंगीता आर. ने
बैठक में कहा कि टेंडर प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हों और टेंडर जारी करने के
बाद मियाद खत्म होते ही ठेका पाने वाले ठेकेदार से अनुबंध कर शीघ्र कार्य प्रारंभ
कराएं, ताकि प्रोजेक्ट में देरी न हो। उन्होंने
सचिव टेंडर में लगने वाले अत्यधिक समय समेत अन्य पहलुओं का विश्लेषण कर प्रक्रिया
को तेज गति से करने के लिए योजना तैयार करने को कहा। उन्होंने निर्माणाधीन तथा
अधूरे कार्यों को समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश
अधिकारियों को दिए ताकि उसका लाभ नागरिकों को मिल सकें।
सचिव श्रीमती शंगीता आर. ने पीएम
ई-बस सेवा के तहत मिलने वाले बसों के शीघ्र पहुंचने की उम्मीद जताई। उन्होंने कोनी
में निर्माणाधीन चार्जिंग स्टेशन समेत डिपो को एक महीने के भीतर पूर्ण करने के
निर्देश दिए। मधुबन में एजुकेशन हब के प्रथम चरण के तहत बन रहे नालंदा परिसर और
एकेडमिक ब्लाॅक को तेज गति से समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा
कि इस प्रोजेक्ट से कई जिन्दगियां संवरेंगी।
श्रीमती शंगीता आर. ने पीएम आवास
योजना के बीएलएसी घटक के तहत अप्रारंभ आवास निर्माण को लेकर अधिकारियों से कहा कि
वे हितग्राहियों से मिलकर उन्हें तत्काल कार्य शुरू कराने के लिए प्रेरित करें।
निगम द्वारा नियुक्त वार्ड नोडल ऑफिसर से सचिव ने कहा कि अपने प्रभार के वार्डों
को आदर्श वार्ड बनाने पर कार्य करें जहां सड़क, पानी,
बिजली और सफाई उत्कृष्ट रहें। इस तरह के वार्डों और उनके नोडल
ऑफिसर्स को सम्मानित किया जाएगा।
नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव ने
अच्छी स्वच्छता के लिए सभी घरों से रोज कचरा एकत्रित करने,
सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और सामुदायिक
शौचालयों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम स्वनिधि, पीएम आवास, पेंशन समेत सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का
लाभ आम नागरिकों को निर्बाध रूप से मिलें, इसे भी सुनिश्चित
करने को कहा।
बिलासपुर के कलेक्टर श्री संजय
अग्रवाल, निगम कमिश्नर श्री प्रकाश
कुमार सर्वे, सूडा के सीईओ श्री शशांक पाण्डेय, नगरीय प्रशासन विभाग के अपर संचालक श्री पुलक भट्टाचार्य और बिलासपुर नगर
निगम के अपर आयुक्त श्री खजांची कुम्हार समेत सभी अधिकारी, इंजीनियर
और जिले के सभी नगरीय निकायों के सीएमओ भी बैठक में उपस्थित थे।
कछार प्लांट,
डब्ल्यूटीपी और पीएम आवास पहुंची सचिव
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की
सचिव श्रीमती शंगीता आर. ने समीक्षा बैठक के बाद शहर में विभिन्न कार्यों का
निरीक्षण किया। उन्होंने स्पोर्ट्स कांप्लेक्स पहुंचकर वहां संचालित स्पोर्ट्स के
विभिन्न एक्टिविटी का जायजा लिया। उन्होंने कोनी में निर्माणाधीन सिटी बस चार्जिंग
स्टेशन का निरीक्षण कर इसे एक माह के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश
दिए। उन्होंने बस डिपो के बाजू में स्थित आकांक्षीय शौचालय को भी देखा। उन्होंने
शौचालय में खामियों की ओर अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए जल्द सुधार करने
के निर्देश दिए।
विभागीय सचिव ने कछार स्थित साॅलिड
वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट और अमृत मिशन के तहत बिरकोना स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट
का भी अवलोकन किया। उन्होंने खमतराई में पीएम आवास का भी निरीक्षण किया।
स्वच्छता दीदियों से
संवाद कर नारी शक्ति के ज़रिए स्वच्छता क्रांति लाने की अपील की
श्रीमती शंगीता आर. ने मोपका गौठान
स्थित एसआरएलएम सेंटर पहुंचकर वहां मौजूद स्वच्छता दीदियों से संवाद किया।
उन्होंने स्वच्छता दीदियों से कहा कि अस्वच्छता के खिलाफ इस जंग में आपकी भूमिका
महत्वपूर्ण है। गीला-सूखा कचरा अलग करें, शत-प्रतिशत
घरों से कचरा एकत्रित करें, लोगों को स्वच्छता के प्रति
प्रेरित करें तथा सामूहिक एकता बनाएं रखें और अपने समूह का विकास करें।
उन्होंने दीदियों से कहा कि मातृ
शक्ति में अद्भुत क्षमता और योग्यता होती है। इसलिए आप सभी से अपील है कि स्वच्छता
में क्रांति लाए और अपने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाएं। समूह की महिलाओं ने इस
दौरान उन्हें खुद से तैयार किए गए उत्पाद भेंट किए। विभागीय सचिव ने निर्माण शुरू
नहीं करने या अधूरा छोड़ने वाले पीएम आवास के बीएलसी हितग्राहियों से संवाद कर काम
जल्द शुरू करने की अपील भी की।