March 25, 2026


जर्जर झोपड़ी से पक्के घर तक पहुँची : प्रधानमंत्री आवास योजना से बदली जिंदगी : श्रीमती दशोदा धीवर

रायपुर : प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी  और ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक रूप से कमजोर, निम्न आय वर्ग और मध्यम आय वर्ग को पक्का घर प्रदान करती है। यह योजना वित्तीय सहायता, ब्याज सब्सिडी और घर निर्माण/खरीद के लिए सब्सिडी प्रदान करती है, जिसका उद्देश्य सभी के लिए किफायती आवास सुनिश्चित करना है।

बेमेतरा जिला के ग्राम पंचायत सरदा, जनपद पंचायत बेरला की निवासी श्रीमती दशोदा धीवर के जीवन में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने नई उम्मीद, सुरक्षा और सम्मान का संचार किया है। वर्ष 2024-25 में स्वीकृत उनका आवास 20 अगस्त 2025 को पूर्ण हुआ, जिससे उनका वर्षों पुराना पक्के घर का सपना साकार हो गया।

कच्ची झोपड़ी में संघर्षमय जीवन

आवास मिलने से पूर्व श्रीमती धीवर का परिवार कच्चे दीवारों और घास-फूस की छत वाली जर्जर झोपड़ी में रहता था। बारिश के मौसम में छत से पानी टपकता था और दीवारें कमजोर पड़ जाती थीं। तूफान के दौरान घर गिरने का भय बना रहता था, जिससे उन्हें पूरी रात जागकर गुजारनी पड़ती थी। हर मौसम उनके लिए कठिनाइयों से भरा हुआ था।

दिहाड़ी मजदूरी से चल रहा था परिवार

श्रीमती दशोदा धीवर दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं। अनिश्चित आय के कारण रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी चुनौतीपूर्ण था। ऐसे में पक्के घर का सपना उनके लिए लगभग असंभव प्रतीत हो रहा था।

चुनौतियों के बीच पूरा हुआ निर्माण कार्य

आवास निर्माण की प्रक्रिया में उन्हें कई औपचारिकताएं पूरी करनी पड़ीं, जैसे बैंक खाता खुलवाना और आवश्यक दस्तावेज तैयार करना। शासन द्वारा सहायता राशि किस्तों में सीधे उनके खाते में भेजी गई, जिससे पारदर्शिता बनी रही। स्थानीय अधिकारियों के मार्गदर्शन और ग्रामीणों के सहयोग से उन्होंने निर्माण कार्य प्रारंभ किया। लागत कम करने के लिए स्वयं श्रमदान कर उन्होंने धीरे-धीरे अपने सपनों का घर तैयार किया।

पक्का मकान बना खुशियों का आधार

नए मकान में मजबूत दीवारें, सुरक्षित छत और दरवाजे के साथ शौचालय की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा संबंधित योजनाओं के माध्यम से बिजली और स्वच्छ ईंधन की सुविधा भी मिली है। अब उनका घर सुरक्षित, स्वच्छ और रहने योग्य है।

आवास से बदली जिंदगी

नए घर के पूर्ण होने पर परिवार ने खुशी मनाई। बच्चों को अब सुरक्षित और बेहतर वातावरण में पढ़ाई करने का अवसर मिल रहा है। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में कमी आई है और समाज में उनका सम्मान भी बढ़ा है। पहले जहां बारिश डर का कारण थी, अब वही खुशी और सुकून का अहसास कराती है। श्रीमती दशोदा धीवर अपने पक्के घर में सुरक्षित बैठकर बारिश का आनंद लेती हैं।

प्रधानमंत्री आवास योजना बनी जीवन में बदलाव का माध्यम

यह उदाहरण दर्शाता है कि जब शासन की योजनाएं सही तरीके से जरूरतमंदों तक पहुंचती हैं, तो वे उनके जीवन में सकारात्मक और स्थायी बदलाव ला सकती हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने न केवल एक पक्का घर दिया, बल्कि आत्मविश्वास, सुरक्षा और सम्मान के साथ बेहतर जीवन जीने का अवसर भी प्रदान किया है।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives