February 28, 2026


छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल : कुलदीप शर्मा बने बलौदा बाजार कलेक्टर, दीपक सोनी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर

रायपुर : बलौदा बाजार जिले में प्रशासनिक फेरबदल के तहत छत्तीसगढ़ शासन) ने बलौदा बाजार-भाटापारा जिले के लिए नए कलेक्टर  की नियुक्ति कर दी है. आईएएस 2014 बैच के अधिकारी कुलदीप शर्मा को आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है. इससे पहले वे रजिस्ट्रार, सहकारी संस्थाएं के पद पर कार्यरत थे और साथ ही छत्तीसगढ़ वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे.

सहकारिता व प्रशासनिक प्रबंधन का अनुभव बना चयन का आधार

कुलदीप शर्मा ने सहकारिता, भंडारण व्यवस्था और प्रशासनिक प्रबंधन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में कार्य किया है. शासन ने उनके अनुभव को देखते हुए जिले की जिम्मेदारी सौंपी है. नए पदस्थ कलेक्टर अब जिले में कानून-व्यवस्था, राजस्व मामलों, विकास योजनाओं की समीक्षा और जनसमस्याओं के निराकरण पर प्राथमिकता से काम करेंगे.

पूर्व कलेक्टर दीपक सोनी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए

इससे पहले जिले की कमान आईएएस दीपक सोनी संभाल रहे थे. उनके कार्यकाल में कई प्रशासनिक और विकास संबंधी गतिविधियों को गति मिली. 10 जून 2024 को जिले में हुए अग्निकांड के बाद उन्हें बलौदा बाजार में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति को संभालने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई थी. उन्होंने जनसमस्याओं के निराकरण शिविरों, निरीक्षणों और विकास कार्यों की मॉनिटरिंग के जरिए प्रशासन और जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने का प्रयास किया. अब उनके केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद जिले की कमान कुलदीप शर्मा को सौंपी गई है.

अन्य आईएएस अधिकारियों के प्रभार में भी बदलाव

शासन ने इस आदेश के साथ कई अन्य अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है. जैसे :

डॉ. सी.आर. प्रसाद को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ आयुक्त, सहकारिता एवं रजिस्ट्रार सहकारी समितियां का अतिरिक्त प्रभार मिला है.

तीर्थराज अग्रवाल को उप सचिव, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग बनाते हुए धर्मस्व एवं धार्मिक न्यास विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.

लीना कोसम, सौमिल रंजन चौबे, बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, सुमीत अग्रवाल, संदीप कुमार अग्रवाल को उनके वर्तमान पदों पर यथावत रखा गया है.

साथ ही आशीष कुमार टिकरिया को प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन तथा तरुण कुमार किरण को विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी, कलेक्टर कार्यालय कोरबा में पदस्थ किया गया है.

नए कलेक्टर से प्रशासनिक गतिविधियों में नई गति की उम्मीद

मंत्रालय, महानदी भवन नवा रायपुर की ओर से जारी इस आदेश के बाद संबंधित अधिकारियों को जल्द कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं. नए कलेक्टर के पदभार संभालते ही जिले में विकास और प्रशासनिक कार्यों में नई ऊर्जा और तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है.


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives