January 19, 2026


संत रामपाल जी महाराज के सान्निध्य में बालुद में भक्ति एवं सेवा का संगम

अरुण शर्मा/संवाददाता

दंतेवाड़ा। जिला दंतेवाड़ा के अंतर्गत ग्राम बालुद स्थित ग्राम पंचायत भवन में जगद्गुरु तत्वदर्शी संत रामपाल जी महाराज के पावन सान्निध्य में एक दिवसीय विशाल आध्यात्मिक सत्संग का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर बालुद सहित आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

प्रातः काल से ही सत्संग स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। संपूर्ण परिसर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना से परिपूर्ण नजर आया। सत्संग के दौरान संत रामपाल जी महाराज ने सृष्टि की रचना, जीव का वास्तविक स्वरूप, आत्मा का लक्ष्य तथा मोक्ष प्राप्ति के मार्ग पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने वेद, गीता, बाइबल एवं कुरान सहित विभिन्न धर्मग्रंथों के प्रमाण प्रस्तुत कर तत्वज्ञान को सरल एवं सहज भाषा में समझाया।

संत जी ने अपने प्रवचनों के माध्यम से समाज में व्याप्त कुरीतियों से दूर रहने, नशा-मुक्त जीवन अपनाने, दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों का त्याग करने तथा मानवता, भाईचारे और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

गौरतलब है कि कुछ समय पूर्व आई भीषण बाढ़ से ग्राम बालुद का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया था। ऐसे आपदा के समय में संत रामपाल जी महाराज के अनुयायियों ने मानव सेवा की मिसाल कायम करते हुए बाढ़ प्रभावित परिवारों को आवश्यक राशन सामग्री एवं अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराया। यह सेवा कार्य “अन्नपूर्णा अभियान” के अंतर्गत किया गया, जिससे पीड़ित ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली।

कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं ने संत रामपाल जी महाराज की शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने आयोजन के लिए आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के आध्यात्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्यक्रम आयोजित करने की इच्छा जताई।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives