January 03, 2026


2025 में नक्सलियों ने सुरक्षा जवानों से नहीं लूटे एक भी हथियार-आईजी सुन्दरराज पी

वर्ष 2025 में मुठभेड़ 256 माओवादी मारे गए, 898 माओवादी गिरफ्तार तथा 1573 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण

जगदलपुर। बस्तर रेंज आईजी सुन्दरराज पी. ने आज जगदलपुर में बस्तर संभाग में वर्ष 2025 में हुई घटना, दुर्घटनाओं तथा नक्सली वारदातों के संबंध में वार्षिक ब्यौरा देते हुए पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि नक्सली वारदातों सहित अन्य घटनाओं में बस्तर संभाग में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है, और इस वर्ष 2026 में इसमें और कमी लाने हेतु पुलिस प्रशासन पूरी तत्परता से कार्य करेंगे। 

पत्रवार्ता में बताया गया कि नक्सली घटनाओं वर्ष 2025 में वर्ष 2024 के मुकाबले उल्लेखनीय कमीं दर्ज की गई है। आईजी सुन्दरराज पी. ने बताया कि वर्ष 2024 में 123 नक्सली मुठभेड़ हुए जिसमें 217 माओवादी मारे गए थे, वहीं 2025 में 100 नक्सली मुठभेड़ हुए, जिसमें 256 माओवादी मारे गए और 898 माओवादी गिरफ्तार किए गए। वर्ष 2025 में कुल 1573 माओवादियों ने पूना मारगेम अभियान के तहत आत्मसमर्पण किए।

पत्रवार्ता में आईजी बस्तर रेंज सुन्दरराज पी ने बताया कि वर्ष 2025 में नक्सलियों ने सुरक्षा जवानों से एक भी हथियार नहीं लूट पाये जबकि  पुलिस ने नक्सलियों से 677 हथियार बरामद बरामद किए। नक्सलियों द्वारा बिछाए गई 894 आईईडी सुरक्षा जवानों ने वर्ष 2005 बरामद किए तथा वर्ष 2025 में 23 जवान शहीद हुए तथा 46 ग्रामीणों की नक्सलियों ने हत्या की है।  बस्तर रेंज आईजी सुंदरराज पी ने  विगत 5 वर्षो का आंकड़ा जारी कर बताया कि पिछले 5 वर्षों में 224 के लगभग आम नागरिकों को मारा है।

पत्रकारों से चर्चा में आईजी बस्तर रेंज सुन्दरराज पी ने बताया कि बस्तर संभाग में वर्ष 2025 में कुल 58 नवीन सुरक्षा कैम्प स्थापित किए गए, जिसमें बीजापुर जिले में 22, नारायणपुर जिले में 24 तथा सुकमा जिले में 12 नवीन सुरक्षा कैम्प स्थापित किए गए। पत्रकारों को जानकारी देते हुए आईजी ने बताया कि मुठभेड़ के बाद एवं नक्सलियों द्वारा डम्प किए गए कुल 485 हथियार सुरक्षा जवानों ने बरामद किया है जबकि पूना मारगेम आत्मसमर्पण के तहत 192 हथियार प्राप्त हुए है। इस तरह वर्ष 2025 में माओवादियों से कुल 677 हथियार बरामद किए गए है। 

पत्रवार्ता मेें बताया कि बस्तर संभाग में वर्ष 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में 782 लोगों की मौत हुई है।

पत्रवार्ता में बताया कि लापरवाही के चलते बीते 5 वर्षो में लगभग 4000 लोग सड़क हादसे में काल के गाल में समा चुके है, इस हादसों को रोकने के लिए लगातार लोगो को जागरूक किया जा रहा है, लेकिन इन सबके बाद भी लोग अपनी लापरवाही नही छोड़ रहे है, वर्ष 2023 व 24 में सड़क हादसे के आंकड़े बढ़े तो जरूर लेकिन वर्ष 2025 में आकड़ो में थोड़ी कमी देखी गई है।

वर्ष 2021 में हुए हादसों में 730 लोगो की मौत हुई, जबकि वर्ष 2022 में 740, 2023 में 837, 2024 में 830 व वर्ष 2025 में 782 लोगो ने अपनी जान गवाई है।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives