June 16, 2025


खदान मजदूर संघ किरंदुल द्वारा एनएमडीसी भर्ती में स्थानीय अभ्यर्थियों को बोनस अंक देने हेतु सीएमडी के नाम सीजीएम को दिया गया ज्ञापन

किरंदुल। वर्तमान में एनएमडीसी लिमिटेड मुख्यालय हैदराबाद द्वारा  विविध रिक्त पदों पर भर्तियों हेतु विज्ञापन जारी कर आवेदन आमंत्रित किये जा रहे हैँ। इसी तारतम्य में खदान मजदूर संघ (संबद्ध भारतीय मजदूर संघ) शाखा किरंदुल द्वारा विज्ञापित पदों में से आर.एस. -01 के 221 एवं आर. एस.-02 के 276 पदों पर नियुक्ति हेतु बस्तर संभाग के शैक्षणिक संस्थानों से कक्षा 5वीं, 8वीं एवं 10वीं कक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को 20 अंक बोनस का प्रावधान निहित करने की मांग को लेकर एनएमडीसी के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक के नाम किरंदुल परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक संजीव साही को ज्ञापन सौंपा गया, जिसकी प्रतिलिपि कैबिनेट मंत्री एवं दंतेवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री, बस्तर सांसद, दंतेवाड़ा विधायक, दंतेवाड़ा जिले के कलेक्टर एवं मुख्य महाप्रबंधक किरंदुल को प्रेषित की गई है।  इस अवसर पर खदान मजदूर संघ (संबद्ध भारतीय मजदूर संघ) शाखा किरंदुल के अध्यक्ष बी. दिल्ली राव, सचिव महेंद्र कुमार, राजेंद्र यादव, दानेश्वर जोशी, उपेंद्र त्रिपाठी, सुधा बाघ, सूरमा दास, दिव्या चुन्नम, नितेश उपस्थित थे।  श्रमिक संघ द्वारा जानकारी दी गई कि किरन्दुल एवं बचेली परियोजना में भर्ती हेतु स्थानीय अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाती है, यह सराहनीय पहल है, किन्तु पिछली भर्तियों के समय सोशल मीडिया एवं अन्य स्रोतों के माध्यम से ऐसी जानकारी प्राप्त हुई थी कि परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण में बताये जा रहे प्रश्नोत्तरी को यू-ट्यूब एवं अन्य सोशल मीडिया के माध्यम से वृहद पैमाने पर वायरल किया गया था, जिसके कारण स्थानीय अभ्यर्थियों को लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से जो प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है, उस पर सन्देह व्याप्त हो गया है।  चूंकि सुदूरवर्ती एवं संवेदनशील क्षेत्र होने के कारण तथा शैक्षणिक संस्थाओं एवं संसाधनों की कमी होने से हमारे स्थानीय युवा, महानगरों के अभ्यर्थियों के साथ प्रतिस्पर्धा में पिछड़ जाते हैं और यदि इस तरह से जिस माध्यम से उन्हें लाभ पहुंच सकता है, उसी प्रक्रिया में जब संशय की स्थिति उत्पन्न हो जाये तो इससे हमारे स्थानीय अभ्यर्थियों को नुकसान हो सकता है।  इसी बात को ध्यान में रखते हुए स्थानीय अभ्यर्थियों को अधिक से अधिक प्राथमिकता मिल सके, इसके लिए बस्तर संभाग की विद्यालयों से कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं उत्तीर्णअभ्यर्थियों को 20अंक बोनस दिए जाने पर सारे समस्याओं का समाधान हो सकता है।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives